औरैया के दिबियापुर में केबीसी में 25 लाख रुपये की लाटरी निकलने का झांसा देकर भटपुरा निवासी किसान से 2.66 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी हो गई। ठग ने फाइल चार्ज के नाम पर अलग-अलग 10 बार में रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
पीड़ित ने मामले की शिकायत थाने में की है। राजू पुत्र छोटेलाल निवासी भटपुरा उमरी ने दिबियापुर थाने में दी तहरीर में कहा है कि 22 अक्तूबर को एक युवक ने कॉल करके बताया कि कौन बनेगा करोड़पति में उसकी 25 लाख रुपये की लाटरी आई है।
इसके लिए फाइल खर्च के लिए 15 हजार रुपये जमा करने को कहा। 25 लाख की लाटरी लगने की खुशी में बिना कोई जानकारी किए ही उसने उस युवक के बताए खाते में 15 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद धीरे-धीरे अलग अलग कारण बताकर 29 अक्तूबर तक 10 बार में 266500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद भी और रुपयों की मांग किए जाने पर ठगे जाने का संदेह हुआ।
तब मामले की तहरीर दिबियापुर थाने में दी। उधर, इस संबंध में दिबियापुर थाना प्रभारी निरीक्षक राम सहाय पटेल का कहना है कि मामला साइबर सेल से जुड़ा है। इसलिए पीड़ित को साइबर सेल भेजा गया है।