सिख दंगों की जांच के लिए एसआईटी करेगी 35 मामलों की पुन: जांच
84 के सिख दंगों की जांच के लिए गठित एसआईटी (स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम) शहर के 35 मामलों की पुन: विवेचना करेगी। इनमें हत्या और डकैती जैसे संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हुए थे। एसआईटी ने इन मामलों की सूची तैयार कर ली है। टीम कोर्ट से अनुमति लेकर अब इन मामलों की फाइलें देखेगी। पीड़ित परिवार के घर जाकर बयान और साक्ष्य जुटाएगी।
गवाहों के मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराएगी। फिर जिन मामलों की पुन: फाइल खोलने की जरूरत होगी, उसके लिए शासन से अनुमति लेकर एसआईटी कोर्ट में अपील करेगी। 1984 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांघी की हत्या के बाद शहर में दंगा हुआ था। इसमें 127 सिखों की मौत हुई थी। शहर के थानों में 1254 एफआईआर दर्ज हुई थीं।