डेरापुर(कानपुर देहात)। जनपद में विकास कार्यों के लिए जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में कई कार्य हुए, लेकिन शहीद के गांव तक विकास की अलख नहीं पहुंची। ब्लाक क्षेत्र के रैगवां गांव में खड़ंजा, नाली, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं पहुंच सकी। हालांकि कुछ दिन पूर्व शौचालय निर्माण का कार्य जरूर शुरू किया गया है। वहीं, शहीद के परिजनों को पेयजल किल्लत दूर करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर से सबमर्सिबल के साथ ही पानी की टंकी रखवाई जाएगी।
रैगवां गांव में शहीद के परिजनों की पेयजल समस्या को दूर करने के लिए सबमर्सिबल कनेक्शन के साथ ही पक्का स्टैंड बनाकर ऊंचाई पर 1000 लीटर की पानी की टंकी लगाई जाएगी। इससेे शहीद के मकान के अंदर पाइप लाइन डलवाकर पानी उपलब्ध करा दिया जाएगा। वहीं अंत्येष्टि स्थल के पास स्मारक बनाने लिए भूमि प्रबंधक समिति ने दो बिस्वा तथा स्मारक तक पहुंचने के लिए रास्ता हेतु तीन बिस्वा भूमि प्रस्तावित की थी, लेकिन परिजनों ने स्मारक के पास खाली पड़ी सरकारी भूमि पर शहीद के नाम से खेलकूद मैदान बनवानेे की मांग की थी। पूर्व जिला पंचायत सदस्य हर्षवर्धन सिंह उर्फ भंवर सिंह ने परिजनों की मांग पर पुत्रवधू ग्राम प्रधान वंदना सिंह से भूमि प्रबंधक समिति की बैठक बुलाकर खेलकूद मैदान के लिए प्रस्ताव करने का सुझाव दिया है। प्रधान वंदना सिंह ने बताया कि ग्राम सभा सदस्यों एवं गांव सभा के सरकारी अधिवक्ता से परामर्श कर भूमि प्रस्ताव करने की जल्द कार्यवाही पूर्ण कर दी जाएगी।