चित्रकूट। कुछ क्षेत्रों में ही गुरुवार को पांच मिमी बारिश हुई, बाकी बूंदाबांदी तक ही सीमित रहा। दो दिन पहले झमाझम बारिश के बाद बुधवार को बारिश थमने से किसान जुताई करने खेत में पहुंचे।
मगर कई मार्गों पर जलभराव से आवागमन प्रभावित रहा। कुछ स्कूलों को जलभराव व फिसलन के कारण बंद रखना पड़ा। मंदाकिनी नदी का जल स्तर बढ़ गया है। जिससे घाट किनारे बसे दुकानदार व लोगों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। कृषि विभाग के अनुसार अब तक जिले में कुल 322 मिमी बारिश हुई है।
मंदाकिनी घाट के आसपास अलर्ट: चित्रकूट। लगातार बारिश से मंदाकिनी नदी का जल स्तर बढ़ गया है। खासकर सतना व मध्यप्रदेश क्षेत्र की ओर मूसलाधा बारिश से बुधवार को रामघाट व उसके आसपास रहने वाले लोगों को अलर्ट कर दिया गया है। दो दिन में आधे से ज्यादा सीढ़ियां डूबने से दुकानदार भी सतर्क हैं। आधे से ज्यादा दुकानदार दुकान की सामग्री सुरक्षित स्थान तक पहुंचा चुके हैं।
पुल व घाट किनारे की सफाई: चित्रकूट। बारिश से नदी घाट व पुल के आसपास गंदगी व कूडे़ का ढेर लग गया है। बुधवार को बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह के नेतृत्व में आधा दर्जन युवकों ने इस गंदगी को साफ कराने का काम किया। लोगों ने बड़े बांस से गंदगी को खींचकर किनारे किया, जिससे जल का बहाव ठीक हो सका।
करनी पड़ रही मशक्कत: शिवरामपुर। बारिश से आम जनजीवन प्रभावित होने के साथ ही क्षेत्र के कई विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था भी बाधित रही। भरथौल के अलावा शिवरामपुर के दो सरकारी विद्यालयों में जलभराव होने से शिक्षकों को कक्ष तक और फिर बाहर वापस जाने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।
-मंदाकिनी का बढ़ा जलस्तर, किसानों ने खेतों में शुरू किया काम
-अब तक जिले में 322 मिमी बारिश हुई
अमर उजाला ब्यूरो