कानपुर। शहर की सड़कों को दुरुस्त करने के दावों के बीच निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठ गए हैं। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और नगर आयुक्त को निरीक्षण के दौरान बजरिया थाने के सामने नाला रोड पर 18 लाख रुपये की लागत से हो रहे मरम्मत कार्य में समतलीकरण और फिनिशिंग में कमी मिली। सड़क की सतह एकसमान नहीं थी। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए। ठेकेदार ने खामी दूर कर नगर आयुक्त को रिपोर्ट सौंपने की बात कही।
इसके बाद चुन्नीगंज चौराहे से राजीव पेट्रोल पंप तक लोक निर्माण विभाग के सड़क निर्माण का भी जायजा लिया गया। करीब 1.70 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर 1.01 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने इस कार्य की गति तेज कर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अन्य क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों में भी गुणवत्ता मानकों का पालन कराने को कहा। अनावश्यक देरी रोकने के भी निर्देश दिए गए। स्वरूपनगर में मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के कार्यों की प्रगति भी परखी गई। अधिकारियों ने कार्यदायी संस्था को दिवाली से पहले काम पूरा करने का आदेश दिया।