दहेज के लिए गर्भवती को पीट-पीटकर मार डाला
औरैया। ससुरालियों ने दहेज के लिए आठ माह की गर्भवती को इतना पीटा कि उसकी हालत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से सैफई ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर कालोनी आए और जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने पति समेत छह पर रिपोर्ट दर्ज की है। आरोरी घर छोड़कर फरार हैं।
कांशीराम कालोनी निवासी बबली (24) पत्नी निर्भय के साथ ससुरालीजनों ने शुक्रवार रात जमकर मारपीट की। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। बबली के मायके वाले भी इसी कालोनी में रहते हैं। मायके वाले आठ माह की गर्भवती बबली को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां पर डाक्टरों ने बच्चे को पेट में मृत बताकर सैफई रेफर कर दिया।
मायके वाले उसे सैफई ले गए, जहां उपचार के दौरान बबली की मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर कालोनी आए और जमकर हंगामा काटा। सूचना पर सीओ भाष्कर वर्मा व नायब तहसीलदार निधि पांडेय मौके पर पहुंचीं और परिजनों को समझाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतका के पिता अरविंद की तहरीर पर पुलिस ने पति निर्भय, ससुर चरन सिंह, मंजेश, प्रिया, नीरज व सपूती के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं ससुरालीजन फरार हो गए है। कोतवाल आरके ंत्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
लव मैरिज की थी दोनों ने
बबली और निर्भय एक ही कालोनी में रहते हैं। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया। इसके बाद 2015 में दोनों ने परिवार वालों की सहमति से लव मैरिज कर ली थी।
- गंभीर हालत में जिला अस्पताल से सैफई हुई थी रिफर, इलाज के दौरान दम तोड़ा, परिजनों का हंगामा
- आठ माह की गर्भवती थी, शुक्रवार रात हुई घटना, छह पर रिपोर्ट दर्ज