इटावा। गोआश्रय स्थलों में गोवंश खुले में रात काटने के लिए मजबूर हैं। विभागीय कागजों में दर्शाया जा रहा है कि गोवंश सर्दी से सुरक्षित हैं।
जिले की 89 गोशालाओं में 11,250 गोवंशों का संरक्षण किया जा रहा है। शासन की ओर से 50 रुपये के हिसाब से प्रति गोवंश आवंटित करती है। इस हिसाब से जिले की गोशालाओं पर प्रतिदिन 5,62,500 रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्रत्येक माह में 1,68,75,000 रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
डीएम की ओर से प्रत्येक गोशाला की देखरेख के लिए नोडल अधिकारी भी नामित किए गए हैं। दावा है कि ये अधिकारी लगातार मॉनीटरिंग भी कर रहे हैं। बावजूद इसके गोशालाओं की स्थितियों में सुधार नहीं हो पा रहा है। पशुपालन विभाग का दावा है कि गोशालाओं में क्षमता से 2,580 अधिक गोवंश संरक्षित हंै। विभाग का दावा है कि सभी गोशालाओं में पर्याप्त चारे के साथ ठंड से बचने के उपाय किए गए हैं, लेकिन पड़ताल में ये दावे हवा-हवाई साबित हुए।
सीडीओ अजय कुमार गौतम ने बताया कि गोशालाओं में गोवंशों का मृत मिलना गंभीर मामला है। गोशालाओं की व्यवस्थाओं को दुरस्त रखने के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए हैं, बावजूद इसके अगर लापरवाही बरती जा रही है तो अधिकारियों को भेजकर गोशालाओं की जांच करवाई जाएगी। इस दौरान जहां भी लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
चकरनगर। 200 गोवंशों की क्षमता वाली सहसों गोशाला में 430 गोवंश संरक्षित किए गए हैं। 200 गोवंशों के लिए तिरपाल व टिनशेड की व्यवस्था है, जबकि आधे से अधिक गोवंश सर्दी में खुले आसमान के नीचे संरक्षित किए जा रहे हैं। गोवंशों को सूखा भूसा खिलाया जा रहा है। पानी की टंकी में पानी कम था, कचरा व काई जमी हुई थी। केयर टेकर सुखदेव ने बताया कि उन पर गोवंश ने हमला कर दिया था, इसलिए नादियों में दाना नहीं डाल पाए। वहीं, बीडीओ रविंद्र कुमार शशि ने बताया कि गोशाला में गोवंशों की संख्या ज्यादा है, व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए संबंधित सचिवों को निर्देश दिया गया है।
जसवंतनगर। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम नगला रामसुंदर की गोशाला नांद खाली पड़ी थी। गोशालाओं में हरा चारा व दाना तो छोड़िए, पर्याप्त मात्रा में भूसा भी नजर नहीं आया। एक गोवंश मरणासन्न अवस्था में पड़ा था। गोशाला के अभिलेखाें में 213 गोवंश संरक्षित हैं, लेकिन मौके पर 100 से भी कम नजर आए। गोशाला में टिनशेड के आसपास तिरपाल लगे नजर आए, लेकिन छोटे-छोटे गोवंशो के ऊपर टाट आदि की बांधने की व्यवस्था नहीं की गई। केयरटेकर गजेंद्र ने बताया कि गोवंश जंगल में चरने गए हैं। एडीओ पंचायत देवेंद्र कुमार ने बताया कि गोशालाओं की व्यवस्था के लिए सख्ती बरती जा रही है, फिर भी अगर कहीं लापरवाही बरती जा रही है तो संबंधित को नोटिस देकर कार्रवाई की जाएगी।
उदी। बढ़पुरा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत बढ़पुरा की गोशाला पड़ताल में कई गोवंश मृत अवस्था में पड़े मिले। गोशाला में मृत गोवंशों के आसपास कुत्ते घूमते मिले। वहीं, तीन गोवंश मरणासन्न अवस्था में पड़े थे, इनकी आंखों को कौए नोंचते नजर आए। गोंवशों की नादों में सिर्फ सूखा भूसा पड़ा था, जिसे मजबूरन गोवंश खाते हुए दिखे। गोशाला में 155 गोवंश संरक्षित हैं, इनके लिए दो टिनशेड हंै, जो पर्याप्त नहीं हंै। पानी की टंकी में भी गंदगी नजर आई, ऐसा लगा जैसे उसे कई दिनों से साफ नहीं किया गया है। छोटे-छोटे गोवंशों पर बोरे आदि भी नहीं बांधे गए थे। इससे ये गोवंश सर्दी में कांपते दिखे। बीडीओ बृजबिहारी त्रिपाठी ने बताया कि मृत गोवंशों को सही ढंग से दफनाने के निर्देश दिए गए हैं। बीमार गोवंशों के इलाज के लिए डॉक्टर से कह दिया है। लापरवाही की जा रही है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ताखा। ग्राम कुरखा की गोशाला में 70 गोवंश मौजूद मिले। गोशाला में भूसा की व्यवस्था सही नहीं मिली। इसके साथ ही गोशाला में गंदगी और दलदल का बोलबाला नजर आया। पानी का सही निकास न होने से परिसर में कीचड़ हो गया है। वहीं, मामन हिम्मतपुर गोशाला में करीब 125 गोवंश मिले। इसमें चार गोवंश मृत मिले। इसके साथ ही तीन गोवंश मरणासन्न अवस्था में नजर आए। दाना व हरे चारे की यहां भी कोई व्यवस्था नहीं थी। समथर गोशाला में क्षमता से अधिक 230 गोवंश मौजूद हैं, जहां तीन गोवंश बीमार अवस्था में नजर आए। बीडीओ राजकुमार शर्मा ने बताया कि सभी सचिवों को सख्त निर्देश दिए हैं, फिर भी लापरवाही कर रहे हैं तो कार्रवाई की जद में आएंगे।