घाटमपुर (कानपुर)। नगर पालिका परिषद की बुधवार को हुई बैठक में सभासदों ने विभिन्न प्रस्ताव किए। जिसमें मुख्य रूप से कस्बे के लोगों को सूअरों के आतंक से मुक्ति दिलाने, सड़कों के किनारे किसी भी कंपनी के केबल डालने के लिए पालिका परिषद की स्वीकृति लेने पर जोर दिया गया।
आशानगर वार्ड के सभासद विवेक शुक्ला ने बैठक में तीन प्रस्ताव रखे। जिनमें वार्डों में घूम रहे आवारा सूअरों को पकड़े जाने और दावा करने वालों से जुर्माना वसूलने, पालिका क्षेत्र में किसी भी कंपनी के केबल डालने के लिए पालिका की अनुमति लेने और केबल संचालकों से शुल्क वसूले जाने का प्रस्ताव रखा। तीनों प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किए गए। कस्बे की जल निकासी की व्यवस्था के लिए शासन स्तर पर दोबारा पत्राचार करने की भी चर्चा की गई।
सभासद बदरुद्दीन ने लोगों के घरों में लगे नलों की टोटियां खोलकर पानी बर्बाद न करने के लिए वार्डों में मुनादी कराने और टोटियां खुली मिलने पर जुर्माने की कार्रवाई का प्रस्ताव रखा। नगर पालिका के पेयजल टैंकर का का किराया 300 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये किए जाने का भी प्रस्ताव रखा।
जवाहर नगर (उत्तरी) के सभासद ज्ञानसिंह ने कस्बे के चारों मुख्य मार्गों पर खड़े कबाड़ वाहनों को हटवाए जाने का प्रस्ताव बैठक में रखा। गलियों में रखे कबाड़ वाहनों से पालिका क्षेत्र में दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ रहा है। सभासद विक्रम गोस्वामी ने सड़कों की पटरियों पर और मंदिरों के पास मवेशी बांधेने और गोबर-कूड़ा फेंकने पर कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई।
इसके अलावा कस्बे में कन्या महाविद्यालय के लिए 5000 वर्गमीटर भूमि नि:शुल्क उपलब्ध कराने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष संजय सचान और संचालन अधिशाषी अधिकारी नीलम चौधरी ने किया। इस मौके पर अनुराधा सचान, बबलू, चंद्रभान, सुलोचना, शर्मिला, इंद्रा देवी, राधिका, मो.अजमेरी, तौफीक पहलवान, मिलेराम, अबरार अहमद और रवींद्र कुमार आदि सभासद उपस्थित रहे।