बरौर। थाना क्षेत्र के कलेनापुर में एक महिला सिपाही के घर में रविवार रात मकान की छत पर लगे जाल को उठाकर चोर अंदर उतरे। चोर घर से नकदी समेत करीब 15 लाख का कीमती सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने फाॅरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड के साथ साक्ष्य जुटाए।
कलेनापुर निवासी राजा सिंह ने बताया कि वह कानपुर के सीएसए में नौकरी करते हैं। एक बेटी शोभा पुलिस में सिपाही है। रविवार को वह छुट्टी में कानपुर से घर आए थे। शाम को खाना खाने के बाद मकान का दरवाजा बाहर से बंद करके भैंसों की देखरेख के लिए घर के बाहर बने बाड़े में पत्नी राजकुमारी, पुत्र आशीष व मोनू, पुत्री सीता के साथ लेटने चले गए। सोमवार सुबह उठकर जब वह घर के अंदर पहुंचे तो घर की कुंडी अंदर से बंद थी। पड़ोसी के घर से अंदर देखा तो कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। इस पर कुंडी खोल घर वालों को जानकारी दी।
बताया कि अलमारी, बक्से खुले थे। घर पर रखी 10 हजार की नकदी करीब 15 लाख कीमत के आभूषण व अन्य सामान गायब था। पुलिस कर्मी के घर से चोरी की जानकारी पर उपनिरीक्षक सौरभ सिंह ने पुलिस बल के साथ पहुंच कर जांच की। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि चोरों की तलाश में सुरागरसी की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर जल्द चोरी की खुलासा किया जाएगा।
..........................
नकदी सहित चार लाख के जेवर ले गए चोर
संदलपुर। मंगलपुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फर में रविवार रात को चोर एक घर से नकदी सहित चार लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। इस दौरान पूरा परिवार सोता रहा। सुबह जागने पर गृहस्वामी को घटना की जानकारी हुई तो उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर छानबीन की है। मुजफ्फरपुर निवासी मयंक कटियार ने बताया कि रविवार रात को खाना खाने के बाद वह छत पर सो गया था। वहीं गर्मी के चलते मां ऊषा देवी, भाई शशांक व बहन शिखा घर के बाहर सो रही थीं। देर रात चोर छत के रास्ते से आंगन से होते हुए कमरे में पहुंचे। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी व बक्से से 80,500 रुपये समेत करीब चार लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए। सोमवार सुबह साढ़े चार बजे के करीब वह मवेशियों को चारा डालने के लिए जागा तो उसे कमरे के दरवाजे खुले मिले। अंदर जाकर देखा तो कमरे में सामान बिखरा था, नकदी व जेवर गायब थे। प्रभारी थानाध्यक्ष मंगलपुर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध है। जांच के दौरान पुलिस को न तो कमरे के दरवाजा में ताला लगा मिला और न ही बक्से व अलमारी में लॉक लगे थे। छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। (संवाद)