घाटमपुर (कानपुर)। रेउना चौकी क्षेत्र के गिरसी गांव में बीते बुधवार रात संदिग्ध हालात में कुएं में गिरे युवक की मौत मामले में पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। शुक्रवार को मृतक की पत्नी की तहरीर पर छह लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
कस्बे के गिरसी गांव निवासी सन्नो देवी ने बताया कि बीते बुधवार की रात पति करन उर्फ लल्लन सिंह (40) रात 10.30 बजे घर पर सो रहे थे। तभी, गांव के कैवल्श देव उर्फ धुआंधार, उसका भाई प्रमोद और पिता छोटेलाल के अलावा लालाराम और उसका पुत्र राहुल और अमित पुत्र विजयपाल लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी लेकर उसके घर पर चढ़ आए। आरोप है कि सभी लोग पति को चारपाई से घसीटकर मारते-पीटते हुए अपने साथ ले गए। गांव के अमित कुमार सिंह के खेत के पास ले जाकर मारापीटा और वहां से दोबारा घसीटते हुए अपने घर लाए और फिर पीटा। इसके बाद मरा समझकर कुएं में फेंक दिया। बताया कि घटना को गांव के कुछ लोगों ने देखा भी था और बचाने की कोशिश भी की थी। रेउना चौकी पुलिस गिरसी गांव पहुंची और कुएं से लल्लन सिंह को बाहर निकाल कर सीएचसी में भर्ती करवाया। रात में उसको हैलट अस्पताल (कानपुर) रेफर किया गया था। लेकिन इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि जमीन की रंजिश के चलते आरोपियों ने पूर्व नियोजित ढंग से उसके पति की हत्या की है। कोतवाल रवि श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने के साथ ही तीन आरोपियों कैवल्श देव उर्फ धुआंधार, प्रमोद और छोटेलाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि, राहुल, लालाराम और अमित की तलाश की जा रही है।