रसूलाबाद। सीएमओ ने शनिवार को सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आपरेशन थिएटर में मिले निष्प्रयोज्य उपकरणों को बदलने के निर्देश दिए। अस्पातल की महिला डॉक्टर के लगातार अनुपस्थित रहने की शिकायत पर सीएमओ ने स्पष्टीकरण तलब किया है।
शनिवार की दोपहर करीब एक बजे सीएमओ डॉ. हीरा सिंह रसूलाबाद सीएचसी का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। सबसे पहले सीएमओ ने डॉक्टरों व अन्य स्टाफ की उपस्थिति देखी। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशीष बाजपेयी, डॉ.आशीष मिश्रा, डॉ.लोकेश शर्मा, डॉ.श्वेता सिंह, डॉ.अमित सक्सेना, डॉ.सरफराज डॉ. जेपी सिंह सहित अस्पताल का पूरा स्टाफ मौजूद मिला। उन्होंने ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण किया, जहां कुछ उपकरण निष्प्रयोज्य मिले। इस पर सीएमओ ने उन्हें बदलने का निर्देश दिया। कस्बे के सभासद पति तौफीक ने सीएमओ से स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रेखा सिंह के लगातार अनुपस्थित रहने व मरीजों से अभद्रता करने की शिकायत की। सीएमओ ने महिला डॉक्टर से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए हैं।