डेरापुर(ब्यूरो)। शनिवार को एसडीएम ने नोनारी भूमि प्रबंधन समिति द्वारा रैंगवां निवासी शहीद सीआरपीएफ जवान के परिजनों को साढ़े तीन बीघा भूमि के आवंटन किये जाने संबंधी प्रस्ताव पर स्वीकृति प्रदान कर उन्हें स्वामित्व सौंप दिया।
शनिवार को एसडीएम दीपाली भार्गव ने बताया कि पुलवामा में आतंकियों के हमले में सीआरपीएफ जवान श्यामबाबू शहीद हो गए थे। उनके शहीद होने पर नोनारी गांव के पूर्व प्रधान हर्ष वर्धन सिंह ने ग्राम प्रधान वंदना सिंह से शहीद के परिजनों को जीवन यापन के लिए गांव सभा की सरकारी कृषि योग्य भूमि आवंटित करने का प्रस्ताव रखा था। 19 फरवरी को भूमि प्रबंधन समिति नोनारी की बैठक हुई जिसमें ग्राम प्रधान की मौजूदगी में शहीद के माता-पिता व शहीद की पत्नी व नाबालिग पुत्र के नाम साढ़े तीन बीघा भूमि के आवंटन का प्रस्ताव पास हुआ था। सरकारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पत्रावली उनके पास स्वीकृति के लिए आयी थी। आवंटन प्रक्रिया सही पाये जाने पर शहीद के परिजनों को साढ़े तीन बीघा भूमि आवंटित किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। शहीद के परिजनों को भूमि का मालिकाना हक सौंप दिया गया।