अजगैन। थानाक्षेत्र के लहईया चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को रौंद दिया। इससे युवक की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा। लेकिन जब लोगों ने उसका पीछा किया तो लालपुर गांव के पास चालक ट्रैक्टर छोड़ भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है।
थानाक्षेत्र के अटेसुवा गांव निवासी बनवारी (30) पुत्र रामस्वरूप शहर के दही चौकी स्थिति फैक्ट्री में काम करता है। सोमवार देर शाम वह फैक्ट्री रुपये लेने फैक्ट्री आया था। बाइक से वापस घर जा रहा था। तभी वसीरतगंज के पास लहईया चौराहे से 200 मीटर आगे सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को रौंद दिया।
हादसे में बाइक सवार बनवारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। वहां से गुजर रहे लोगों ने हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को देने के साथ ही पुलिस को दी। बनवानी की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। एसओ संतोष तिवारी मौके पर पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक की पत्नी सोनी देवी के अलावा बच्चों में बराती, कल्लू व सुमित हैं। वहीं जवान बेटे का शव देख मां राधा बेहोश हो गई। एसओ संतोष तिवारी ने बताया शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रैक्टर को थाने में खड़ा कराया गया है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला
-पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लिया, चालक की तलाश जारी
अमर उजाला ब्यूरो