पशुआहार बनाने वाली कंपनी के यहां आयकर छापे में 121 करोड़ रुपये का काला धन मिला है। साथ ही 52 लाख के सोने व हीरे के आभूषण जब्त किए गए हैं। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। बोर्ड की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि 18 नवंबर को कानपुर, गोरखपुर, नोएडा, दिल्ली और लुधियाना में 16 स्थानों पर छापे मारे गए।
इनमें 121 करोड़ रुपये की अघोषित आय का पता चला। वहीं, शेष गहनों के स्रोतों का सत्यापन किया जा रहा है। सात लॉकरों का भी पता चला है, जिनकी तलाश बाकी है। आहार बनाने वाली देश की अग्रणी कंपनी और आरती चिटफंड मामले में नया खुलासा भी हुआ है। आयकर विभाग की जांच में पता चला है कि कंपनी की कमाई को पहले 13 मुखौटा कंपनियाें में लगाया गया।
फिर लोन के माध्यम से इसे वापस लेकर इसे एक नंबर का करा लिया गया। इन कंपनियों को दिल्ली, कोलकाता में दिखाया गया था। जबकि वास्तविकता में इनका अस्तित्व नहीं है। इन कंपनियों में फर्जी लोगों को निदेशक बनाया गया था। जैसे एक निदेशक टैक्सी चालक था, जिसके नाम पर 11 बैंक खाते थे और इन खातों में भारी लेनदेन हुआ था।