कानपुर में वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतिम दिन सोमवार को सरकारी महकमों में काम होता रहा और बजट को ठिकाने लगाने की कवायद चलती रही। कुछ विभाग पूरे साल बजट के लिए तरसते रहे, उनको अंतिम दिन शासन से पैसा जारी किया गया। वहीं, वित्तीय वर्ष के अंतिम रात नौ बजे तक करीब 342 करोड़ रुपये 120 विभागों ने खपा भी दिए।
ज्यादातर विभागों में आया पैसा खर्च हो चुका है। एक महीने में 3326 करोड़ खर्च हुए। अब नए वित्तीय वर्ष में होने वाले कार्यों की तैयारी होगी। शासन ने कोषागार अधिकारी को सभी विभागों के बिल 25 मार्च तक पास करने के निर्देश दिए थे। वित्तीय वर्ष की समाप्ति के अंतिम दिन सोमवार को स्वास्थ्य विभाग में करीब 7.59 करोड़ रुपये के बिल पास किए गए।