फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नौ हादसों ने ले ली 11 लोगों की जान, 100 से ज्यादा घायल

Wed, 15 Mar 2017 10:05 AM IST
टीम डिजिटल, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
फतेहपुर में हुए अलग-अलग हादसों की तस्वीरें
विज्ञापन
यूपी के फतेहपुर जिले में अलग- अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। होली के दिन हुुए इन हादसों ने जश्न का माहौल गम में बदल दिया। इनमें कई ऐसे भी थे, जिनकी जान बच सकती थी लेकिन हेलमेट न लगाने की वजह से सिर में गंभीर चोट लगी। अधिक खून बहने और अंदरूनी चोट की वजह से इन्हें बचाया नहीं जा सका। पुलिस इन सभी मामलोें में रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। 
विज्ञापन


हादसा-1 - दुकानदार के पिता को ट्रक ने कुचला, मौत 
बकेवर थाना क्षेत्र के शकूरा पतारी गांव के पास महाबीर(45) को मंगलवार दोपहर ट्रक ने कुचल दिया। मौके पर ही मौत हो गई। यह जहानाबाद थाना क्षेत्र के पोजेपुर गांव निवासी थे। अपने बेटे अशोक की सैलून पर सोमवार को शकूरा पतारी गांव गए थे। साइकिल से लौटते समय चौडगरा की ओर जा रहे ट्रक ने चपेट में ले लिया। हाईवे पर इनके गिरने के बाद उसी ट्रक ने कुचल दिया। पोस्टमार्टम हाउस में महाबीर की पत्नी कई बार बेसुध हुईं। 
हादसा-2-  जेठानी-देवरानी की मौत, देवर घायल  
बकेवर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर नहर पुलिया के पास मंगलवार को बाइकों की भिड़ंत में जेठानी-देवरानी की मौत हो गई। दोनों महिलाएं नहर में गिरने से डूब गईं। बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हैं। वे हेलमेट नहीं लगाए थे। कानपुर घाटमपुर के कुरथा गांव निवासी अनिल उर्फ गुड्डन के शहबाजपुर गांव कोतवाली बिंदकी में रिश्तेदार रहते हैं। उनके घर अनहोनी होने पर अनिल अपनी पत्नी सोमवती(32) और भाभी रानी देवी(35) पत्नी रामबाबू के  साथ आए थे। वापस घाटमपुर जा रहे थे तभी बकेवर थाना क्षेत्र नहर पुलिया पर सामने से आए बाइक से भिड़ंत हुई। सोमवती और रानी उछलकर नहर में गिरी। अनिल मौके पर ही लहूलुहान होकर बेहोश हो गए। हादसे की खबर पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलस ने नहर से सोमवती की लाश बाहर निकाली। अनिल ने होश आने पर भाभी का साथ होना बताया। तब पुलिस दोबारा नहर में दाखिल हुई। छानबीन के बाद रानी का शव बाहर निकाला जा सका। दूसरी बाइक के सवार बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के डिघरुवा निवासी दीपू और पूतू थे। वह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पोस्टमार्टम हाउस में रानी की 16 साल की बेटी लवी मम्मी-मम्मी की चीख सुन सभी की आंखें नम हो गईं। उसके भाई सत्यम और सोमवती के बच्चों छोटू, प्रीती मां का आंचल छिन जाने से बदहवास दिखे। 
विज्ञापन

हादसा- 3 -  इनोवा की टक्कर से पत्नी की मौत, पति घायल 
चौडगरा(फतेहपुर)। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी रामसेवक अपनी पत्नी संगीता देवी (30) बाइक से लेकर ससुराल औंग थाना क्षेत्र के बनियनखेड़ा गांव गए थे। वह सोमवार की शाम वापस गांव लौट रहे थे। तभी रेवाड़ी के पास इलाहाबाद की ओर जा रही इनोवा ने बाइक में टक्कर मार दी। दंपति को गोपालगंज पीएचसी में भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया। जिला अस्पताल में संगीता को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं पति को भर्ती किया। बाइक चालक रामसेवक हेलमेट नहीं लगाए थे। सिर में चोट से उनकी हालत गंभीर बनी है। 
हादसा- 4 -  बोलेरो ने बाइक सवार मित्रों की जान ली
जाफरगंज थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी सुखइया का बेटा भोला यादव (35) बाइक से गांव के मेवालाल (50) के साथ चांदपुर अपने एक मित्र को छोड़ने गया था। उसे छोड़कर दोनों गांव लौट रहे थे। मंगलवार दोपहर हरिजनपुर गांव के पास पीछे से बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में मेवालाल सोनकर की मौके पर ही मौत हो गई। घायल भोला को एंबुलेंस से सीएचसी अमौली से कानपुर रेफर किया गया। उसकी भी रास्ते में मौत हो गई। मेवालाल किसान थे और भोला परचून के सामानों की दुकानों में बेचने वाला सेल्समैन। इनके पास पुलिस को हेलमेट नहीं मिला। इन्हें सिर में काफी चोट लगी थी।
हादसा-5- कार की टक्कर से बच्चे की मौत, रोड जाम  
खखरेरू थाना क्षेत्र के तक्कीपुर गांव के मजरे कठरिया के पास सोमवार शाम कार की टक्कर से निखिल(11) की मौत हो गई। नाराज परिजनों ने मंगलवार सुबह विजयीपुर-धाता मार्ग में शव रखकर जाम लगाया। चालक को गिरफ्तार करने व मुआवजा की मांग कर रहे थे। एसडीएम और सीओ के आश्वासन पर जाम खोला गया।  निखिल तक्कीपुर गांव निवासी रमाशंकर तिवारी का बेटा था। वह शाम करीब तीन बजे जंगल से लौट रहा था। तभी धाता की ओर से आई तेज रफ्तार वैगनॉर ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गई। निखिल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।  वहां हालत नाजुक देखकर डाक्टरों ने कानपुर रेफर किया। परिजनों ने उसे शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं उसकी सांसें थम गई। सुबह करीब नौ बजे परिजन शव लेकर विजयीपुर मार्ग पहुंचे। वहां चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने ब्रेकर निर्माण की भी मांग की। ग्रामीणों का आरोप रहा कि हादसे की सूचना के बाद भी 100 नंबर और 108 एबुलेंस आई। एसडीएम अवनीश राय, सीओ अतुल कुमार चौबे एसएचओ खखरेरू गणेश प्रसाद सिंह, एसओ धाता धर्मेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़  घंटे तक जाम लगा रहा। इसमें  एंबुलेंस भी फं सी रही। निखिल के पिता रमाशंकर तिवारी गैरप्रांत में प्राइवेट नौकरी करते हैं। होली के त्येाहार पर भी गांव नहीं आए थे। पुलिस और प्रशासन ने जल्द ही पीड़ित परिवार की मांग पर जल्द ही कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। 
हादसा-6- बाइक सवार एक की मौत, दो घायल 
खागा खखरेरू थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव के पास तेज रफ्तार बाइक सवार मंगलवार को सामने अचानक आए साइकिल सवार से जा भिड़े। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं उसका साथी और साइकिल सवार घायल हो गए। किशनपुर थाना क्षेत्र के सुजनीपुर गांव निवासी कल्लू पाल (30) और सूदन निषाद (28) निवासी मीनापारा गांव से किसी रिश्तेदारी के घर के होली मिलने जा रहे थे। शिवपुरी गांव के पास अचानक साइकिल सवार रतीभान पटेल आ गया। भिड़ंत में तीनों घायल हो गए। तीनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। जहां कल्लू पाल को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 
हादसा-7- ससुराल से लौट रहे युवक को ट्रक ने कुचला 
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के चौडगरा के पास बाइक सवार दिनेश कुमार (33) की सोमवार की रात ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में जिला अस्पताल लाते वक्त दिनेश की सांसें थम गई। दिनेश कुमार जहानाबाद  थाना क्षेत्र के नोनारा डेरा गांव निवासी कल्लू का बेटा था। परिजनों ने बताया कि प्रतापगढ़ होली पर्व में ससुराल गया था। सोमवार की शाम गांव लौट रहा था। चौडगरा के पास ट्रक ने कुचल दिया। एसएसआई राजेश सिंह ने बताया कि मौके पर बाइक सवार का हेलमेट नहीं मिला है। चालक भी ट्रक समेत फरार हो गया।
हादसा-8- ससुराल से लौट रहे युवक की मौत 
थरियांव थाने के मलांव गांव ससुराल से लौट रहे बाइक सवार दंपति और उनकी दूसरी बाइक में सवार रिश्तेदार को डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे।  सदर कोतवाली क्षेत्र के गढ़ीवा मोहल्ला निवासी जगदीश पासवान उर्फ मोनू (23) अपनी पत्नी सरला को लेकर ससुराल मलांव गांव गया था। वहां से वापस लौट रहा था। उसके साथ दूसरी बाइक में रिश्तेदार अखिलेश और सुधा भी थे। दोनों बाइकों में सवारों को थरियांव हाइवे के सुंधवा के पास डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में जगदीश की मौके पर ही मौत हो गई। 
हादसा- 9- दंपति को ट्रक ने मारी टक्कर, पति की मौत 
होली खेलने ससुराल जा रहे दंपति को सोमवार दोपहर ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौत हो गई। वहीं पत्नी घायल हो गई। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी अशोक कुमार (33) अपनी पत्नी उर्मिला को लेकर ससुराल ममरेजपुर थाना कल्यानपुर बाइक से जा रहे थे। बाइक सवारों को बिलिंदा कोल्ड स्टोर के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही अशोक की मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी घायल हो गई। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें