कन्नौज। शहर के मोहल्लाकचहरी टोला में रविवार शाम पत्नी समेत ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने तीन मंजिल के मकान की छत से छलांग लगा दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मोहल्ला कचहरी टोला निवासी सलमान पुत्र जाकिर हुसैन ने सदर कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि उसके भाई राशिद का विवाह 10 वर्ष पूर्व शाहबाजपुर थाना रसूलाबाद जिला कानपुर देहात निवासी युवती के साथ हुआ था। आरोप है कि ससुराल वाले घर से अलग रहने का दबाव बनाने के लिए राशिद को प्रताड़ित करने लगे। शनिवार को सभी लोग राशिद के घर पहुंचे और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने लगे। उन लोगों ने 112 नंबर डायल करते हुए पुलिस टीम को भी बुलाया था। पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला निपटा दिया। इसके बाद पूरी रात सभी लोग राशिद को अपशब्द कहते रहे।
रविवार सुबह मानसिक रूप से परेशान होकर राशिद अपनी छत पर चढ़ गया और छलांग लगा दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलते ही परिजनों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित ने आरोपी ससुराली जनों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।