हरदोई-कन्नौज जनपद की सीमा पर अनियंत्रित डीसीएम ने
बाइक सवारों को टक्कर मार दी। बचाने के प्रयास में डीसीएम खड्ड में जाकर
पलट गई। इससे उसके चालक और परिचालक घायल हो गए। वहीं बाइक सवार एक युवक की
मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायलों को जिला
अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से एक को लखनऊ रेफर कर दिया गया।
हरदोई जनपद के सांडी कसबा निवासी राहुल (26) पुत्र छंगालाल अपने बहनोई
शाहाबाद हरदोई निवासी राजीव (30) पुत्र सुरेश चंद्र गुप्ता की बाइक पर
बैठकर महादेवी गंगा घाट पर एक अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने आ
रहे थे।
बताया जाता है कि जैसे ही कन्नौज हरदोई जनपद सीमा के निकट गांव
कासिमपुर के निकट बाइक सवार पहुंचे तभी कन्नौज से बिलग्राम केला लादकर जा
रही डीसीएम ने बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार सड़क
पर गिर पड़े। बचाने के प्रयास में चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद डीसीएम
खड्ड में जाकर पलट गई।
यह दुर्घटना देखकर आसपास के लोग और राहगीर भी मौके
पर पहुंच गए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर
मल्लावां और कन्नौज पुलिस मौके पर पहुंची और डीसीएम में फंसे चालक बबलू
(40) पुत्र गुलाम सिंह निवासी केस्त थाना जसवंतनगर जनपद इटावा को बाहर
निकाला।
इस दुर्घटना में बाइक सवार राहुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि
राजीव गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं डीसीएम के चालक के अलावा परिचालक
रामप्रकाश भी घायल हुए। तीनों घायलों को जिला अस्पताल में एंबुलेंस से
भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद राजीव को लखनऊ के लिए रेफर कर दिया
गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।