कन्नौज। घर से कोचिंग पढ़ाने के लिए निकला युवक शनिवार देर रात गोलकुआं स्थित एसपी आवास के पास घायलावस्था में पड़ा मिला। युवक के दोस्त ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे पर डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने युवक के दोस्त और उसके एक साथी पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
तिर्वा क्षेत्र के ग्राम देवा पट्टी निवासी प्रवीण कुमार (36) बच्चों को कोचिंग पढ़ाते थे। बड़े भाई सुधीर कुमार ने बताया कि शनिवार दोपहर तीन बजे प्रवीण घर से स्कूटी से कोचिंग पढ़ाने के लिए निकला था। रात 11.50 बजे भाई के दोस्त ने बताया कि प्रवीण घायलावस्था में गोलकुआं स्थित एसपी आवास के पास पड़ा है। तब वे लोग मौके पर पहुंचे और प्रवीण को लेकर जिला अस्पताल गए। वहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने प्रवीण के एक दोस्त और उसके साथी पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। बड़े भाई ने बताया कि प्रवीण के परिवार में पत्नी सोनिका और एक बेटी व नौ माह का बेटा है। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अंदरूनी चोट लगने से प्रवीण की मौत
पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में प्रवीण के शरीर पर कुछ चोट मिलीं पर उसकी मौत अंदरूनी चोट लगने से हुई है। बहरहाल पुलिस हर बिंदु पर पूरे मामले की जांच कर रही है।