कन्नौज। स्वच्छ भारत मिशन, जीरो पॉवर्टी अभियान के संबंध में डीएम शुभ्रांत शुक्ल ने रविवार को कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में बैठक की। डीएम ने कहा कि कुंभ होने वाला है। 22 गांवों का दूषित पानी गंगा नदी में नहीं जाना चाहिए। 688 राजस्व ग्रामों के सापेक्ष 482 राजस्व ग्रामों को मॉडल घोषित किया जा चुका है, शेष 206 राजस्व ग्रामों को भी मॉडल घोषित किया जाए।
उन्हाेंने कहा कि जिन अधिकारियों को जो कार्य निर्धारित किए जाते हैं, विभागवार मिनिट्स बनाएं और आगामी बैठक में सौंपे गए कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की जाए। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रत्येक विकास खंड के चयनित ग्रामों से शत-प्रतिशत कूड़ा उठान होना चाहिए। कचरे से जैविक खाद बनाने के लिए कूड़े को छांटकर अलग-अलग गड्ढों में एकत्र किया जाए।
सभी आरआरसी सेंटर संचालित होने चाहिए। आरआरसी सेंटर के संचालन में जो अच्छा कार्य कर रहे हैं, उन्हें सम्मानित किया जाए। कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों को कूड़ा उठाने में ही प्रयोग किया जाए, अनावश्यक कार्य में प्रयोग न किया जाए। जीरो पॉवर्टी अभियान में तेजी लाकर गांव के अति निर्धन परिवारों का चयन किया जाए, जिससे शासन की सभी योजनाओं से जोड़कर आच्छादित किया जा सके। बैठक में सीडीओ रामकृपाल चौधरी, डीडीओ एनडी द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।