सीसीटीवी में कैद महिलाओं की तस्वीर।
- फोटो : CHIBRAMAU
सौरिख(कन्नौज)। कस्बे में सुनार की दुकान पर तीन महिलाओं ने टप्पेबाजी कर लाखों रुपये के जेवर पार कर दिए। पूरा मामला दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पीड़ित दुकानदार ने महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस से शिकायत की है।
कस्बे के मोहल्ला सुभाष नगर में राजू ज्वैलर्स की दुकान पर सोमवार सुबह साढ़े दस बजे के करीब तीन महिलाएं पहुंचीं। इन्होंने दुकान पर बैठे कर्मचारी अंशु सविता से जेवर दिखाने के लिए कहा। कर्मचारी इन्हें जेवर दिखाने लगा। उसी समय महिलाओं ने काउंटर के अंदर हाथ डाल कर सोने के एक जोड़ी झाले (15 ग्राम), तीन अंगूठी ( 7.5 ग्राम), दो जोड़ी कुंडल (6 ग्राम), एक चेन (6 ग्राम) पार कर दी। इनकी कीमत लगभग दो लाख रुपये है। मंगलवार की सुबह दुकान पर पहुंचे साजन वर्मा (निवासी सुभाष नगर) व कर्मचारी ने सामान मिलाया तो जेवर गायब थे।
दुकानदार और कर्मचारी ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया तो होश उड़ गए। कैमरे में महिलाओं की हरकत सामने आ गई। दुकान मालिक ने थाने पहुंचकर महिलाओं के खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर जांच चल रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।