विरोध प्रदर्शन करतीं निगोह खास की महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
निगोह खास में दूषित पेयजल आपूर्ति से गांव के दर्जनों लोग डायरिया की चपेट में आ गए थे। रविवार को दूषित पेयजल आपूर्ति से जूझ रहीं गांव की महिलाओं ने नारेबाजी कर जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने उच्चाधिकारियों से ओवरहेड टैंक की सफाई और लीकेज पाइप लाइन दुरुस्त कराए जाने की मांग की है। ग्राम निगोह खास के लोग कई दिनों से दूषित पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों व प्रधान की शिकायत के बावजूद उच्चाधिकारियों ने इस समस्या का समाधान नहीं किया।
दूषित पेयजल आपूर्ति से गांव में डायरिया फैल गया। इसकी चपेट में आने से गांव के मासूम बच्चों सहित कई दर्जन लोग बीमार हो गए। डायरिया की चपेट में आने से एक बच्चे समेत महिला की मौत भी हो चुकी है। अभी भी दर्जनों पीड़ित उपचार करा रहे हैं। समस्याओं से जूझ रहे ग्रामीणों ने रविवार को जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बनी पानी की टंकी की अभी तक सफाई नहीं कराई गई है। टंकी का ढक्कन खुला होने से इसमें पक्षी नहाते हैं।
टंकी केे अंदर एक पक्षी की मौत भी चुकी है। इसके बाद ही गांव में डायरिया फैला है। इससे काफी लोग बीमार हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई जगह पाइप लाइन लीकेज है। इससे घरों में दूषित पेयजल आपूर्ति पहुंच रही हैै। गांव की छोटी बिटिया, सुरजा देवी, मीना, रिंकी, राधा, कुमकुम, परवीना, रचना, सुनीता, गीता, रामबेटी, शशि, मीरा, तारादेवी, रेखा, माधुरी, रामकली, पूजा, गोल्डी आदि महिलाओं ने प्रदर्शन कर इस समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग की है।