कन्नौज। जिले में डेंगू मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है । 41 लोग अभी तक डेंगू से पीड़ित हो चुके हैं। इनायतपुर की डेंगू से पीड़ित महिला की कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की दो बेटियों समेत 50 लोग बुखार से पीड़ित हैं। इसमें तीन बच्चियों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और अन्य निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। खास बात तो यह है कि स्वास्थ्य महकमा इससे अंजान है।
गुरसहायगंज के ग्राम इनायतपुर निवासी शरीना (32) को एक सप्ताह पहले बुखार आया था। शहर के मकरंदनगर स्थित निजी डॉक्टर ने शरीना का इलाज शुरू कराया। जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर डॉक्टर ने कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर के निजी अस्पताल में परिजनों ने शरीना को भर्ती कराया। वहां पर मंगलवार को हालत बिगड़ने पर आईसीयू में भेज दिया गया। बुधवार सुबह शरीना ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। कदीर ने बताया कि दो बेटियों अमसा और अबुजा को भी बुखार आ रहा है और दोनों का इलाज चल रहा है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार का कहना है कि जलालाबाद गांव में बुखार से ग्रामीण पीड़ित हैं। इसकी जानकारी मिली है। गुरुवार को स्वास्थ्य टीम को गांव भेजा जाएगा और मरीजों की जांच कराने के साथ ही इलाज किया जाएगा। डेंगू से महिला की मौत की पुष्टि नहीं हुई है।
50 लोग बीमार, तीन बच्चियां अस्पताल में भर्ती
पूर्व प्रधान आसिफ अली ने बताया कि गांव में 50 लोग बीमार हैं और सभी का निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसमें गांव की जेबा, मुबस्सिरा और अफसाना जिला अस्पताल में भर्ती हैं और तीनों का इलाज चल रहा है। अभी तक स्वास्थ्य विभाग की टीम एक बार भी गांव में जांच व इलाज करने के लिए नहीं आई है। सीएमओ डॉ. स्वदेश गुप्ता से बात करने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ था।
यह हैं बीमार
पूर्व प्रधान ने बताया कि कालीचरण, राकेश, महेंद्र और उनकी पत्नी, राशिद, साबिर, इमरान, अब्दुल खालिद, साकरा, अजीम, अहान, नौशाद, मुस्तबिन, मनीजा बेगम, रुकसाना बेगम, उजमा, जेबा, मुबस्सिरा, अफसाना सहित 50 से अधिक लोग बीमार हैं और निजी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं।