क्षेत्र के गोवा गांव की पानी की टंकी का कंट्रोलर खराब होने से 25 दिन से ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान से लेकर जल निगम तक के अधिकारियों से टंकी की खराबी दूर करने की मांग की है।
गांव निवासी हरि सिंह, रामनाथ, शिवराज सिंह, बालक राम, वीरेंद्र कुमार, अखिलेश कुमार का कहना है कि पानी की टंकी की कई बार मोटर फुंक चुकी है। पिछले 25 दिनों से टंकी के नलकूप में खराबी के चलते गोवा, मझपुरवा, मड़ईन में जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। जिससे गर्मी के दिनों में पानी की समस्या खड़ी है। राहुल, राकेश, सत्यपाल, कनौजीलाल, अनुज कुमार का कहना है कि पानी की टंकी में खराबी आ जाने से लोगों को हैंडपंपों पर लाइन लगानी पड़ रही है। जबकि पानी के अधिक दोहन से हैंडपंप भी साथ छोड़ रहे हैं।
एक दर्जन से अधिक हैंडपंप रीबोर के लिए पड़े हैं। पानी की समस्या को देखते हुए मांग के बाद भी जलापूर्ति जैसी गंभीर समस्या पर भी अधिकारी नहीं चेत रहे हैं। वह उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे। नलकूप आपरेटर शाहरुख अली ने बताया कि नलकूप का कंट्रोलर खराब होने की सूचना उन्होंने ग्राम पंचायत अधिकारी से लेकर ग्राम प्रधान तक को दे दी है। ग्रामीण उन्हें बेवजह परेशान कर रहे है।
पानी की टंकी के कंट्रोलर का मैगनेट खराब है। खरीदने का प्रयास कर चुके हैं लेकिन मिल नहीं रहा है। जल निगम के अधिकारियों से उपलब्ध कराने की मांग की जा चुकी है। अधिकारी व ठेकेदार उदासीन रवैया अपना रहे हैं। इसके बावजूद जल निगम की ओर से गांव के एक दर्जन हैंडपंप रीबोर नहीं हुए हैं। पंचायत में पानी का संकट गहरा रहा है। अब डीएम से समस्या निदान की मांग करेंगे।
- कुलकांत तिवारी (प्रधान)
पानी की टंकी को हैंडओवर कर दिया गया है। ग्राम पंचायत प्रशासन की पू्री जिम्मेदारी है। इसके बावजूद भी कोई समस्या आती है तो समाधान का प्रयास करेंगे। टंकी सुचारु रूप से संचालित की जाएगी।
- अरविंद त्रिपाठी, अवर अभियंता, जल निगम।