सौरिख क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदातों से दहशत व्याप्त हो गई है। थाने से चंद कदम दूरी पर हुईं दुस्साहसिक वारदातों से जहां पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। बाइकर्स गैंग ने ताबड़तोड़ घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दी है। पीड़ितों ने थाने में लूट की तहरीर दी है, लेकिन देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई थी।
मोहल्ला गढ़ी निवासी फिरोज अली की पुत्री चांदनी अपनी बहन डोली के साथ कस्बा स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से रुपये निकालने आई थी।
चांदनी ने खाते से 20 हजार रुपये निकाले और बैग में रख लिए। दोनों बहनें बैंक से पैदल ही अपने घर लौट रही थीं। जब वह कुम्हर मंडी तिराहा पर थाने वाली गली में पहुंची, तभी पीछे से आई बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उसके हाथ से रुपये वाला थैला छीन लिया और तेज रफ्तार से भाग निकले।
घटना होते ही दोनों युवतियों ने शोर मचाया। इस बीच कुछ लोगों ने पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन बदमाश भाग जाने में सफल रहे।
चांदनी ने बताया जयपुर में उसकी बहन जीनत ने अपने मकान के निर्माण के लिए 20 हजार रुपये उसके खाते में भेजे थे, जिन्हें निकालकर वह घर लौट रही थी। थाने से चंद कदम दूर भीड़ भरे बाजार में बाइक सवारों ने रुपये लूट लिए।
उधर लूट की दूसरी घटना ग्राम लौह टुकरिया गांव के पास हुई। इस गांव के रमेश चंद्र बुधवार सुबह एरवाकटरा स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से रुपये निकालने गए थे। उन्होंने खाते से 74500 रुपये निकाले।
रूपयों को झोले में रख लिया और साइकिल से दोपहर 12 बजे गांव लौट रहे थे, जब वह लौह टुकरिया गांव से कुछ दूर पहुंचे, तभी पीछे से आई बाइक सवार बदमाशों ने उनके हाथ से थैला लूट लिया। थैले में 74500 रूपए की नगदी समेत 35 हजार रुपये की एफडी और पासबुक रखी थी।
रमेशचंद्र ने बताया कि उनका पौत्र आल इंडिया हास्पिटल दिल्ली में भर्ती है, उसके उपचार के लिए उन्होंने रुपये बैंक से निकाले थे। उन्होंने लूट की तहरीर थाने में दी है।
थानाध्यक्ष रजनेश कुमार चौहान ने बताया कि पंचायत चुनाव के अंतिम चरण का बुधवार को मतदान हो रहा था। ऐसे में सभी डयूटी में व्यस्त थे। घटनाओं की जानकारी हुई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।