चपुन्ना। सकरावा क्षेत्र के ग्राम बीलमपुर में बनी पानी की टंकी से सोलर प्लेटें चोरी हुए छह महीने बीत चुके हैं पर पुलिस ने अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। लोग नई सोलर प्लेट लगवाने के लिए कई बार मांग उठा चुके हैं, लेकिन पुलिस की उदासीनता और सिस्टम की लापरवाही के चलते ग्रामीण पिछले छह महीनों से बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।
क्षेत्र के ग्राम बीलमपुर में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था, जिससे पूरे गांव में पेयजल की आपूर्ति सुचारू रूप से होती थी। 18 दिसंबर 2025 को चोरों ने टंकी परिसर से छह सोलर प्लेटें चोरी कर ली थीं। चोरी के बाद पंप ऑपरेटर झब्बूलाल ने सकरावा पुलिस थाने में तहरीर दी। झब्बूलाल चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर काट-काटकर थक चुका है, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की।
वहीं, सोलर प्लेटें चोरी होने के बाद से पूरे गांव में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ी है। भीषण गर्मी में पानी न मिलने से ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। गांव के रामविलास चौबे, कौशल किशोर चौबे, भोले सिंह, प्रताप सिंह, ललित प्रताप सिंह ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराने के साथ ही नई सोलर प्लेटें लगवाकर गांव की पेयजल आपूर्ति को बहाल कराने की मांग की है।