तालग्राम। निजी नलकूप पर मीटर लगाने पहुंची बिजली टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। कर्मचारियों को ग्रामीणों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीट दिया। जानकारी मिलने पर पहुंचे एसडीओ से हाथापाई कर ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। एसडीओ की तहरीर पर पुलिस ने सात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। एसडीओ अनुभव श्रीवास्तव ने बताया कि सरकार के आदेशानुसार निजी नलकूपों पर बिजली मीटर लगाए जा रहे है।
सोमवार को कोतवाली गुरसहायगंज के नदसिया निवासी ठेकेदार प्रभात दुवे ने लाइन मैन मुलायम, कर्मचारी शिम्मी और ऋषि तिवारी थाना क्षेत्र के मायापुर्वा गांव में किसान सुघर सिंह के निजी नलकूप पर बिजली मीटर लगाने पहुंचे थे। इस दौरान सुघर सिंह व अन्य ग्रामीणों ने बिजली मीटर लगवाने से मना कर दिया। इससे टीम और ग्रामीणों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गया।
मामले की जानकारी मिलने पर एसडीओ अनुभव श्रीवास्तव ने लाइनमैन गोपी, कर्मचारी कमल हसन, रामू और धर्मेंद्र को भेजा। इससे बिजली टीम के कर्मचारियों और किसानों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई। ग्रामीण किसानों ने टीम के कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीट दिया।
सूचना मिलते ही एसडीओ भी पहुंच गए। ग्रामीणों ने एसडीओ से हाथापाई कर उन्हें भी दौड़ा लिया। मौके पर पहुंची थाना पुलिस को देखकर ग्रामीण भाग निकले। एसडीओ अनुभव श्रीवास्तव ने नलकूप स्वामी सुघर सिंह, नरेश, वीरेश कुमार, डब्लू उर्फ केपी, उर्वेश, संतोष, राजवीर समेत 12 अज्ञात लोगों ने हमला कर मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी हरिश्याम सिंह ने बताया कि आरोपी डब्लू उर्फ केपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।