कन्नौज। भीषण गर्मी के कारण बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी से लेकर इमरजेंसी तक में डायरिया के मरीज पहुंच रहे हैं। हर दिन बढ़ रहे तापमान से लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की समस्या हो रही है।
आम दिनों में जिला अस्पताल में 150-200 मरीज इलाज के लिए आते थे, लेकिन इन दिनों जिला अस्पताल में हर रोज 300-400 मरीज आ रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल की आधे दिन की ओपीडी में 240 मरीजों ने पर्चा बनवाया। इसमें ज्यादातर मरीज बुखार, उल्टी, दस्त, पेट दर्द और डायरिया से पीड़ित थे। जिले में पिछले कई दिनों से सूरज के तीखे तेवर देखने को मिल रहे हैं।
भीषण गर्मी के चलते पसीना अधिक आना, पानी कम पीना और दूषित भोजन करना मुसीबत का सबब बन रहा है। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 42.3 और न्यूनतम तापमान 30.1 रहा। डॉक्टरों के मुताबिक मरीजों में इन दिनों पेट के निचले हिस्से में दर्द, पेट में मरोड़ की शिकायत होती है। जिला अस्पताल की पैथालॉजी में भी रोजाना करीब 100 से 150 मरीजों के खून की जांच की जा रही है।
जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. स्मित प्रताप सिंह ने बताया कि इन दिनों शरीर में पानी का कमी न होने दें। धूप से बचाव करें। नीबू की शिकंजी या ओआरएस घोल पीयें, बासी भोजन और दूषित पानी से परहेज करें। साफ पानी ही पीयें। धूप से छांव में जाने पर तुरंत ठंडे पानी का इस्तेमाल न करें। उल्टी दस्त होने पर तुरंत डॉक्टर सेे परामर्श लेकर इलाज कराएं।
इमरजेंसी वार्ड में भी डायरिया के मरीज
इमरजेंसी वार्ड में भी रोजाना 100 से 150 मरीजों का आना होता है। इसमें 15 से 20 फीसदी मरीज डायरिया, उल्टी, दस्त और पेट दर्द के होते हैं। सोमवार को भी करीब 20 मरीज डायरिया, उल्टी और पेट दर्द संबंधी इलाज के लिए आए।
उल्टी, दस्त, पेट दर्द और डायरिया के मरीज
10 मई 30
11 मई 35
12 मई 32
13 मई 48
14 मई 27
16 मई 46