कन्नौज के सौरिख में लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे पर नोएडा से गोरखपुर जाते समय नींद आने के चलते आगे चल रहे वाहन में बाइक घुसने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर सीएचसी में रखवाया है। परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है।
नोएडा के थाना दनकौर के ग्राम दलेलगढ़ निवासी शाहरुख (24) पुत्र मुमताज अली हरियाणा के फरीदाबाद के थाना छपरा के मोहना गांव निवासी आरिफ पुत्र मोहम्मद शब्बीर के साथ बाइक से गोरखपुर में सीआरपीएफ में सिपाही पद पर तैनात भाई राशिद से मिलने आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे से जा रहे थे।
जैसे ही दोनों सौरिख कट पर पहुंचने तो उन्हें झपकी आ गई। जिससे आगे चल रहे अज्ञात वाहन में बाइक घुस जाने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे यूपीडा सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह एवं उप निरीक्षक किशन वीर सिंह ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। गोरखपुर में तैनात राशिद का फोन आने पर उन्हें घटना की जानकारी दी गई। जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। राशिद ने बताया कि शाहरुख मेरा भाई था और आरिफ मेरा साला था। दोनों मुझसे मिलने गोरखपुर आ रहे थे।