वह गड्ढा जिसमें डूबकर हुई किशोरों की मौत।
- फोटो : KANNAUJ
गुरसहायगंज(कन्नौज)। ईंटें पाथने के लिए मिट्टी निकालकर गड्ढे में पानी भर दिया गया। इसमें डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। मौके पर जुटे परिजनों और ग्रामीणों में चीख पुकार मच गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। दोनों शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। एसडीएम सदर शैलेष कुमार ने जांच कराने के लिए कहा है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गदनापुर निवासी रियाज का 15 वर्षीय पुत्र साहिल और इसी गांव के अल्ताफ का 14 वर्षीय पुत्र सोहेल गांव से करीब एक किलोमीटर दूर ग्राम दिहुली के निकट ईंट पाथने के लिए पानी से भरे गए गड्ढे में सोमवार की दोपहर नहाने गए थे। यह गड्ढे में डूबने लगे। आसपास के कुछ बच्चों ने शोर मचा दिया। थोड़ी दूर पर ईंट पाथ रहे कुछ लोग गड्ढे में उतरे। इन्होंने बेहोशी की हालत में सोहेल और साहिल को निकाल लिया। सूचना पर परिजनों सहित तमाम लोग पहुंच गए। बच्चों को गुरसहायगंज स्थित नर्सिंग होम में ले जाया गया। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर कोतवाल राजा दिनेश सिंह और मझपुरवा चौकी प्रभारी रणधीर सिंह गौर फोर्स के साथ गांव पहुंचे। शव को सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि किशोरों के परिजनों ने लिखित रूप से पोस्टमार्टम न कराने के लिए कहा है। इस पर शव परिजनों को सौंप दिया गए।
एसडीएम सदर शैलेष कुमार ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। मिट्टी खनन किन नियमों के तहत किया गया, मिट्टी निकालने के बाद गड्ढे में अगर पानी भरा गया तो आसपास सुरक्षा के क्या इंतजाम किए गए आदि बिंदुओं पर जांच करने के लिए कहा गया है। जांच के बाद जो भी कमियां सामने आएंगी, उसी आधार पर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।