कन्नौज। कानपुर-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर हुए हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। यह दोनों दोस्त कासगंज से बाइक पर सवार होकर उन्नाव के बांगरमऊ क्षेत्र के ऊगू गांव में ननिहाल में जा रहे थे। जलालपुर पनवारा के निकट हाईवे के ब्रिज की सेफ्टी रेलिंग से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे दोनों उछलकर नीचे जा गिरे और आधे घंटे तक तड़पते रहे। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जनपद कासगंज के सोरों गेट घंटाघर निवासी अमित शर्मा (30) अपने दोस्त अवनीश सोनी (29) के साथ गुरुवार को बाइक पर सवार होकर कासगंज स्थित अपने घर से उन्नाव जिले के बांगरमऊ क्षेत्र के ऊगू गांव जाने के लिए निकले थे। दो अन्य बाइकों पर अवनीश के भाई अभिषेक व अमन और दोस्त वंसू व राहुल भी घर से साथ ही निकले थे।
जैसे ही अमित और अभिषेक हाईवे पर जलालपुर पनवारा के पास पहुंचे, तभी झपकी आने से अमित ने बाइक पर से नियंत्रण खो दिया और वह हाइवे की सेफ्टी रेलिंग से टकरा गई। बाइक सवार दोनों दोस्त उछलकर नीचे जा गिरे और गंभीर तरह घायल हो गए। पीछे से दूसरी अन्य बाइकों से आ रहे उनके भाई और दोस्त भी वहां पहुंच गए। उन्होंने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
अवनीश के परिजन मूल रूप से उन्नाव जिले के बांगरमऊ स्थित ऊगू गांव के निवासी हैं। यह लोग गांव छोड़कर कासगंज में रहने लग गए। परिजनों ने बताया कि दो साल पहले अवनीश की शादी हुई थी। नानी के घर जाने के लिए वह अपने भाइयों और दोस्तों के साथ उन्नाव जिला स्थित अपने गांव जाने के लिए बाइक से निकला था। बाइक को अमित चला रहा था। सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं। हादसे की जांच की जा रही है।
इनसेट
गांव जाने के लिए सुबह जल्दी उठ गए थे
उन्नाव जिले के ऊगू गांव में भंडारा कराने के लिए अवनीश और उसका दोस्त अमित गुरुवार तड़के पांच बजे सो कर उठ गए थे जबकि, रात में भी हर दिन की तरह देर से सोए थे। परिजनों ने बताया कि दोनों दोस्त सुबह देर से सोकर उठते थे पर गांव जाने के लिए सुबह तड़के उठ गए। परिजनों का कहना है कि दोनों की नींद पूरी नहीं हुई थी। ऐसे में बाइक चलाते हुए अमित को झपकी आ गई, जिससे उनकी बाइक अचानक से रेलिंग से टकरा गई और वह दोनों ब्रिज से नीचे जा गिरे।