सदर तहसील क्षेत्र के गोसाईदासपुर के मजरा पैंदापुर में डायरिया से 48 घंटे के अंदर दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग बीमार है। बारिश के बाद गोसाईदासपुर के मजरा पैंदावाद में कई जगह जलभराव है। इससे हैंडपंपों का पानी दूषित हो गया है। गांव के बेेंचेलाल की पुत्री सोनम (2), कंचन (6) व बेटा नंदू (4) कई दिन से बीमार थे। इन्हें उल्टी दस्त हो रही थी। तीनों को गुरुसहायगंज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां शुक्रवार को सोनम की मौत हो गई।
इसी तरह गांव के कृपाशंकर के पुत्र सत्यम (2) ने भी शनिवार सुबह दम तोड़ दिया। उसे दो दिन पहले जसोदा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी तरह करीब 50 से ज्यादा लोग बीमार चल रहे हैं। इसमें ज्यादातर लोग उल्टी दस्त से परेशान हैं। 48 घंटे के अंदर दो बच्चों की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीण कृपाशंकर, पप्पू जाटव, राजपाल, विकास, महाराम आदि ने बताया कि गांव में महीनों से सफाई कर्मचारी नहीं आ रहा है।
गांव में बीमारी फैलने के बारे में पीएचसी गुगरापुर में सूचना दी थी, लेकिन कोई नहीं आया। बच्चों की मौत की सूचना पर शनिवार शाम कुछ लोग आए थे। दो दवाएं बांट कर चले गए। उधर, डिप्टी सीएमओ डा. राममोहन त्रिपाठी का कहना है कि डायरिया फैलने की सूचना मिली है। टीम को मौके पर भेजा है। रविवार को गांव में सफाई कराने से साथ ही दवाएं बंटवाई जाएंगी।