सौरिख। बिहार से चावल लादकर राजस्थान जा रहा ट्रक आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान कई ग्रामीण चावल की बोरियां लूट ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकारकर ग्रामीणों को खदेड़ा।
राजस्थान के जनपद अलवर के गाजीपुर थाना क्षेत्र के गरई कोठिया गांव निवासी चालक मदन अपने साथी भागीरथ के साथ बिहार के पूर्णिया से चावल लादकर जयपुर जा रहा था। शनिवार सुबह करीब नौ बजे ट्रक पलट गया। चालक के अनुसार ग्रामीण लगभग 25 बोरी लूट ले गए हैं।
दो ट्रक पलटे, चालक-हेल्पर घायल
तालग्राम। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अलग-अलग दो स्थानों पर दो ट्रक पलट गए। हादसे में दोनों के चालक और हेल्पर घायल हो गए। हरियाणा जिला मेवात के गांव लिंगा निवासी शौकीन (30) राजस्थान से टायल्स, सफेद सीमेंट और केमिकल लादकर बिहार जा रहा था। साथ में हेल्पर आदिल (24) था। शनिवार सुबह करीब चार बजे तालग्राम रंनवा गांव के पास ट्रक पलट गया। वहीं पंजाब के फिरोजपुर मोहल्ला महिमा निवासी गोविंद सिंह (38) अपने हेल्पर रंजीत सिंह (25) के साथ टेलर ट्रक पर बिहार से कोयला लादकर पंजाब जा रहा था। इस दौरान बेहटा गांव के पास ट्रेलर ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दोनों ट्रकों के दो चालक और दो हेल्पर घायल हो गए। (संवाद)