छिबरामऊ। ससुरालीजनों की प्रताड़ना से आजिज होकर विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। जानकारी होने पर परिजन मौके से फरार हो गए। मृतका के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवा दिया।
थाना गुरसहायगंज के ग्राम वैशावारी निवासी कुलदीप ने बताया कि उसने अपनी बहन नन्हीं देवी की शादी कुंवरपुर बनवारी निवासी संजीव उर्फ रंजीत पुत्र रामदत्त के साथ की थी। शादी के बाद रंजीत ने शराब के नशे में अपने परिजनों के सहयोग से बहन के साथ आए दिन गाली गलौज, मारपीट शुरू कर दी। रविवार की रात लगभग 12 बजे पुलिस ने सूचना दी कि उसकी बहन की मृत्यु हो गई है।
सूचना पर गांव पहुंचा तो देखा पति समेत अन्य परिजन फरार थे। जबकि शव जमीन पर पड़ा हुआ था। शव पर कई जगह पर मारपीट व गला दबाने के निशान थे। भाई ने पति समेत ससुरालीजनों पर बहन की हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाने का आराेप लगाया। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला के साथ मारपीट होने पर फंदा लगा लेने की आशंका है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मृतका के पति कुलदीप, ससुर रामदत्त तथा सास विमला देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
इनसेट...
बच्चा बोला, पापा ने मम्मी को पीटा
पुलिस को मृतका नन्हीं देवी के तीन वर्षीय बेटे विवेक ने बताया कि पापा आए दिन मम्मी को पीटने थे। कल रात भी पापा ने उन्हें पीटा था। इसके बाद से मम्मी कुछ नहीं बोल रही थीं। मृतका के भाई कुलदीप के अनुसार ऐसे माहौल में पांच वर्षीय भांजी संध्या पर गलत असर न पड़े इसलिए वह ननिहाल में ही रह रही थी।