गुरसहायगंज कस्बे मेें रोडवेज बस स्टेशन बनने का रास्ता साफ हो गया है। एडीएम के निर्देश पर इटावा परिक्षेत्र से आए परिवहन निगम के इंजीनियर ने तहसीलदार से वार्ता की। इसके बाद प्रस्तावित 1.78 एकड़ भूमि परिवहन निगम को हस्तांतरित कर दी गई।
शुक्रवार को राज्य सड़क परिवहन निगम इटावा परिक्षेत्र के निर्माण शाखा के इंजीनियर नवनीत कुमार गोयल ने तहसीलदार शिवनारायण पांडेय से बात की। इसके बाद भूमि हस्तांतरण की कार्रवाई हुई। अब इस पत्र को राज्यपाल के पास अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा। मालूम हो कि गुरसहायगंज में नॉन जेडए (राज्य सरकार अधिग्रहीत) भूमि गाटा संख्या 433 में 1.03 एकड़ व 440 में 0.75 एकड़ जमीन का प्रस्ताव रोडवेज बस स्टेशन के निर्माण के लिए किया गया था।
शासन के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने एसडीएम, तहसीलदार, रजिस्ट्रार व परिवहन निगम की निर्माण शाखा को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इस भूमि को परिवहन निगम के नाम कराने के लिए एडीएम ने एआरटीओ राहुल श्रीवास्तव को भी नामित किया था। एसडीएम उदयवीर सिंह ने बताया कि गवर्नमेंट ग्रांट एक्ट 1895 के तहत प्रस्तावित भूमि को हस्तांतरित कर दिया गया है। शासन से अनुमोदन मिलने के बाद सीमांकन कराया जाएगा। इसके लिए जिम्मेदारी तहसीलदार को सौंपी गई है।