जसोदा रेलवे स्टेेशन से पहले मालगाड़ी से अलग हुए डिब्बे। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
जसोदा (कन्नौज)। फर्रुखाबाद से कानपुर जा रही मालगाड़ी की कपलिंग ढीली हो गई। इसके कारण मालगाड़ी के पांच डिब्बे अलग हो गए। रेलवे अफसरों को जानकारी देने के साथ ही गार्ड और मालगाड़ी चालक ने कपलिंग को ठीक किया। इस दौरान मालगाड़ी लगभग एक घंटे देरी से रवाना हो सकी।
फर्रुखाबाद से कानपुर जा रही मालगाड़ी गुरुवार को लगभग 11:50 बजे गुरसहायगंज स्टेशन पहुंची। वहां से रवाना होकर वह सात किलोमीटर ही आगे बढ़ी थी, उसी दौरान मालगाड़ी की कपलिंग ढीली हो गई। जसोदा स्टेशन से आधा किलोमीटर पहले गार्ड बोगी समेत पांच डिब्बे गाड़ी से अलग हो गए। इसकी सूचना होते ही हड़कंप मच गया। चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर मालगाड़ी को रोक दिया। कपलिंग को ठीक कर दोबारा डिब्बे जोड़े गए। इस दौरान डिब्बे जोड़ने के दौरान प्रेशर भी फट गया। कड़ी मशक्कत के बाद इसको ठीक कर डिब्बों को ट्रेन से जोड़ा गया। करीब एक घंटे तक मालगाड़ी खड़ी रही। इस दौरान क्रासिंग पर रेलवे फाटक बंद होने पर जाम की स्थिति बन गई।