कन्नौज। जिले में कोरोना की तीसरी लहर का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। एक साथ कोरोना के 47 संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमितों में चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मचारी, एक मेडिकल कॉलेज छात्र, एक महिला बंदी और दो बीएसए कार्यालय में तैनात कर्मचारी भी शामिल हैं।
जिले में गुरुवार को 47 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। जिले में तीसरी लहर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 142 हो गई। सीएमओ डॉक्टर विनोद कुमार ने बताया कि रोजाना जिले में करीब तीन हजार से अधिक लोगों की कोरोना जांच कराई जा रही है। सभी ब्लाक चिकित्सा अधिकारियों को कोरोना जांच बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने वाले करीबियों, परिवार और दोस्तों की भी प्राथमिकता से जांच कराई जाएगी।