गुरसहायगंज। क्षेत्र में गुरुवार को दो सड़क हादसों में तीन बाइक सवार घायल हो गए। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर किया गया। एक अन्य घायल का इलाज सीएचसी में जारी है।
कानपुर नगर के थाना कल्याणपुर क्षेत्र स्थित इंदिरा नगर निवासी प्रदीप कुमार कटियार (61) थाना सौरिख क्षेत्र के नगला गांव निवासी राजेश (50) के साथ बाइक से गुरसहायगंज आ रहे थे। दोपहर तीन बजे जुनैदपुर कट के पास सामने से आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसहायगंज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कालेज तिर्वा रेफर कर दिया।
इसी प्रकार थाना सौरिख क्षेत्र के गांव टड़हा रायपुर निवासी सुरजीत (28) गुरुवार को बाइक से घर लौट रहे थे। दोपहर चार बजे रास्ते में अचानक बकरी सड़क पर आ गई। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में वह सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।