छिबरामऊ। सौरिख रोड स्थित दुकान के पीछे का शटर तोड़कर चोरों ने 21 पैकेट मक्का व नकदी समेत जरूरी अभिलेख पार कर दिए। दुकान मालिक की तहरीर पर गुरुवार को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम तुलसीपुर जाफराबाद निवासी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि सौरिख-बिधूना मार्ग पर नकटपुर के पास भोले ट्रेडर्स के नाम से फर्म है। यहां वह सीमेंट व खाद का कारोबार करते हैं। आठ जुलाई की रात चोर दुकान के पीछे का शटर तोड़ कर घुस गए और मक्का के पैकेट चोरी कर ले गए। सुबह जब दुकान पर पहुंचा तो मक्के के दाने फैले देख दुकान के पीछे जाकर देखा। शटर खुला हुआ था और दुकान के अंदर रखी 21 पैकेट मक्का, गोलक में रखे जरूरी अभिलेख समेत 1500 रुपये, इन्वर्टर, बैटरी, कूलर, पंखा, ट्यूबवेल व खाद बिक्री का लाइसेंस आदि चोरी कर ले गए। कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इलाके में है चोरों का आतंक
पूर्व प्रधान एवं सपा नेता शिवकुमार यादव ने बताया कि 15 दिनों से चोरों ने आतंक है। चोर जाफराबाद में संचालित आर्य संस्कार एजूकेशन स्पोर्ट्स एकेडमी में दो बार चोरी कर चुके हैं। एक बार इन्वर्टर बैटरी चोरी कर ले गए, दूसरी बार में 19 पंखों पर हाथ साफ किया था। इसके साथ ही ग्राम शिक्षा निकेतन, श्याम सिंह यादव की दुकान, यदुवीर यादव के खेत से जनरेटर, बांकेलाल के बीज भंडार, जाफराबाद प्रधान के ट्रक से रस्सी, तिरपाल, बैटरी व टूल का सामान, इसरार की बकरियां, नरवेश के नलकूप का स्टार्टर चोरी कर चुके हैं। इनकी शिकायत पुलिस से की गई थी।-