तिर्वा। चोरों ने सोमवार रात फौजी के घर को निशाना बनाया। पीछे बने शौचालय की छत से घर में दाखिल होकर 33 लाख रुपये के जेवर और नकदी पार कर दी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य एकत्र किए।
ठठिया क्षेत्र के डिब्बापुरवा गांव निवासी राजेंद्र कुमार खेतीबाड़ी करते हैं। उन्होंने बताया कि बड़ा बेटा रोहित कुमार फौज में है और घाटमपुर में पोस्टिंग है। छोटा बेटा मोहित दिल्ली में ऑनलाइन कोचिंग पढ़ाता है। दोनों की पत्नियां गांव में ही रहती हैं। सोमवार रात वह घर के बाहर और परिवार के अन्य सदस्य छत पर सो रहे थे। देर रात चोर घर के पीछे बने शौचालय के सहारे छत पर चढ़ गए और जीने के दरवाजे से घर के अंदर घुस आए। बताया कि चोरों ने दोनों बहुओं के कमरों में रखी अलमारियों के लॉक तोड़कर उसमें रखे कीमती जेवरात पार कर दिए। मंगलवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा देखकर चोरी की जानकारी हुई। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ पुलिस ने जांच-पड़ताल की। पीडि़त ने बताया कि चोर 190 ग्राम सोना, एक किलो चांदी के जेवर और पांच हजार रुपये नकदी ले गए। जेवरों की कीमत करीब 33 लाख रुपये हैं। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।