गोली लगने से घायल स्क्रैप कारोबारी रुखसार का उपचार करते चिकित्सक।
- फोटो : KANNAUJ
गुरसहायगंज(कन्नौज)। मकान के बंटवारे को लेकर स्क्रैप कारोबारी का छोटे भाई से विवाद हो गया। दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इसमें छोटे भाई की पत्नी घायल हो गईं। पत्नी को घायल देेख गुस्साए छोटे भाई ने तमंचे से बड़े भाई को गोली मार दी। पीठ में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने स्क्रैप कारोबारी और आरोपी भाई की घायल पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया है। यहां चिकित्सकों ने कारोबारी की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गुरसहायगंज कस्बे के अशोकनगर निवासी रुखसार (33) पुत्र अंसार अपनी पत्नी रुकसार के साथ कन्नौज में रहने वाले बहनोई असलम के घर रहते हैं। वह कन्नौज में बहनोई के साथ स्क्रैप का कारोबार करते हैं। मंगलवार दोपहर रुखसार और इनकी पत्नी रुकसार अशोकनगर घर पहुंचीं। यहां शाम करीब सात बजे मकान के बंटवारे को लेकर रुखसार का छोटे भाई हसनैन के साथ विवाद होने लगा। मामला बढ़ने पर दोनों भाइयों के बीच लाठियां चलने लगीं। इस दौरान हसनैन की पत्नी राबिया के सिर में लाठी लग गई। इससे वह घायल हो गईं। यह देखकर हसनैन अपने घर से तमंचा ले आया। बड़े भाई रुखसार पर गोली चला दी। गोली रुखसार की पीठ में लगी। इससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया।
गोली चलने की जानकारी पर कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह पहुंच गए। घायल स्क्रैप कारोबारी रुखसार और राबिया को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां से चिकित्सकों ने रुखसार ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल रुखसार की पत्नी रुकसार ने बताया कि उसकी आंखों के सामने हसनैन ने पति को गोली मार दी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।