कन्नौज। मौसम में बदलाव के चलते स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ने लगी हैं। खास कर वायरल बुखार के रोगियों की संख्या में खासा इजाफा देखने को मिल रहा है। बदलता मौसम के चलते वायरल बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल में 1016 मरीजों ने परीक्षण कराया, जिसमें अधिकतर मरीज बुखार से पीड़ित थे।
जिले के मौसम में लगातार हो रहे परिवर्तन का लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है। तापमान में उतार-चढ़ाव के चलते लोग मौसमी बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। इनमें से सबसे ज्यादा मरीज वायरल बुखार के देखने को मिल रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ उमड़ी। इनमें से सर्वाधिक बच्चे और बुजुर्ग देखे गए।
रविवार देर शाम हुई बारिश के कारण मौसम में नमी हो गई थी जिस कारण तापमान में तीन से चार डिग्री का अंतर देखने को मिला। इस दौरान भीगने वाले बच्चे और राहगीर बीमार पढ़ गए। फिजीशियन डॉ. भूपेश कुमार पपने ने बताया कि मौसम में बदलाव का असर बच्चों की सेहत पर देखने को मिल रहा है। इस मौसम में बचाव के लिए बारिश में भीगने से बचें और यदि भीग जाते हैं तो गर्म तरल सूप इत्यादि का सेवन करें। डॉक्टर से परामर्श लेने के बाद ही दवा लें।