कन्नौज। एससी-एसटी के एक मामले में अदालत ने थाना सौरिख के नेहरू नगर निवासी ज्ञान सिंह को साक्ष्य के अभाव में बुधवार को दोषमुक्त कर दिया। अदालत ने 25,000-25,000 रुपये की जमानतों पर उसे रिहा किया। वहीं वादिनी को दी गई 75 हजार रुपये की राहत राशि वसूली के निर्देश दिए। अदालत के इस फैसले के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि एक सितंबर 2018 की दोपहर दो बजे वह सौरिख पीएचसी से दवा लेने गई थी। वापस आने पर सकरावा कुम्हार मंडी के पास घरेलू सामान खरीदते समय दुकानदार ज्ञान सिंह पाल ने बदनीयती से उसका हाथ पकड़ कर दुकान में खींचने लगा। आरोप था कि आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की और जातिसूचक गालियां भी दीं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की थी।
सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से पेश किए गए अन्य साक्षियों ने छेड़छाड़ व जातिसूचक गालियां देने की बात की पुष्टि नहीं की। गवाहों के बयानों में विरोधाभास सामने आया। अदालत ने गवाहों के बयान, परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट का गहन अध्ययन किया। अदालत ने पाया कि वादिनी के आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त और विश्वसनीय साक्ष्य उपलब्ध नहीं हैं।
अदालत ने आदेश में कहा कि केवल आरोप लगाने से व्यक्ति को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। दोष सिद्ध करने के लिए ठोस साक्ष्य होना आवश्यक है। इस मामले में अभियोजन पक्ष आरोप साबित करने में विफल रहा। इसलिए आरोपी ज्ञान सिंह को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त किया जाता है। इसके साथ ही अदालत ने वादिनी को शासन की ओर से दी गई 75 हजार रुपये की राहत राशि की वसूली के भी निर्देश दिए। अदालत ने कहा कि जब आरोप ही साबित नहीं हुए तो दी गई राहत राशि वापस ली जाए। अदालत ने संबंधित विभाग को वसूली की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को निर्देशित किया है।