ठठिया। क्षेत्र के करसाह गांव में सामने आए धर्मांतरण के मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। मामले में फंडिंग को लेकर चल रही जांच के तहत पुलिस ने कानपुर देहात में स्थित नवाकांति सोसाइटी के प्रबंधक को पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस का मानना है कि सोसाइटी से जुड़े लेनदेन और आर्थिक गतिविधियों की जांच से पूरे नेटवर्क को लेकर अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।
सीओ कुलवीर सिंह ने बताया कि नवाकांति सोसाइटी के प्रबंधक को 21 दिसंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उन्हें सोसाइटी से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज, बैंक खातों का विवरण और लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हाेंने बताया कि वर्तमान समय में सोसाइटी का प्रबंधक आंध्र प्रदेश में है, लेकिन नियत तिथि पर उपस्थित होकर सहयोग करने का निर्देश दिया गया है।
धर्मांतरण मामले में फंडिंग की कड़ियों को जोड़ने के लिए बैंक खातों, कॉल डिटेल और अन्य वित्तीय साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। अब तक की जांच में लेनदेन के मामले सामने आए हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सोसाइटी प्रबंधक से पूछताछ के साथ ही मामले में नामजद और संदिग्ध सभी आरोपियों से भी आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी। जांच निष्पक्ष और तथ्यात्मक तरीके से की जा रही है।