कन्नौज। अरौल थाना क्षेत्र के एक गांव में दो पक्षों के बीच हुए पथराव में एक गर्भवती के पेट में ईंट लगने का आरोप है। इस घटना के चार दिन बाद गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई। पीड़ित परिवार ने गुरुवार को न्याय की मांग की है।
अरौल थाना क्षेत्र के सरैयां दस्तम गांव निवासी रईस ने बताया कि वह ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। कहा कि 13 दिसंबर की शाम पड़ोसी भोले खां और शरीफ खां के बीच विवाद हो गया था। यह विवाद जल्द ही पथराव में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान एक ईंट रईस की आठ माह की गर्भवती पत्नी परवीन बेगम के पेट में लगी जिससे उनकी हालत बिगड़ गई।
घटना के बाद परिजन परवीन बेगम को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले आए। 15 दिसंबर को डॉक्टरों ने गर्भस्थ शिशु को मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से परिवार सदमे में है। रईस का आरोप है कि ईंट लगने के कारण ही बच्चे की मौत हुई है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना दूसरे जिले की है। अरौल थाने में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।