खुले गेट पर लाल झंडी को काटकर गुजरी मालगाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर से कासगंज जा रही मालगाड़ी दो खुले गेटों से गुजर गई। गनीमत रही इस बीच कोई वाहन नहीं गुजरा नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता। क्रासिंग खुले होने की सूचना से रेल प्रशासन में हड़कंप मचा रहा। स्थानीय रेल अधिकारी गेटमैन से गुरुवार देर शाम तक पूछताछ करते नजर आए। जानकारी के मुताबिक कानपुर-फर्रुखाबाद रेल लाइन पर गुरुवार की देर शाम कानपुर की ओर से आ रही एक मालगाड़ी खुदलापुर पूर्वी क्रासिंग 108 पर दोनों ओर लगी सेफ्टी लाल झंडी को तोड़ती हुई 200 मीटर दूर जाकर रुकी।
गेट खुले होने की जानकारी ड्राइवर ने उच्चाधिकारियों को दी। इस दौरान 15 मिनट तक मालगाड़ी क्रासिंग पर खड़ी रही। खुले गेट से ट्रेन गुजरने की जानकारी होने पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। खुदरापुर 108 जेल रोड क्रासिंग पर तैनात गेटमैन अजीत ने बताया कि उन्हें जसोदा स्टेशन मास्टर अभिषेक कुमार ने कासगंज से कानपुर जाने वाली मालगाड़ी आने की सूचना 4:33 मिनट पर दी थी। मालगाड़ी 4:44 बजे निकल गई। इसके बाद स्टेशन मास्टर ने गेट बंद करने की जानकारी नहीं दी।
उन्होंने दोनों ओर लाल झंडे लगाकर वाहन पास करना शुरू कर दिया था। तभी 5:20 बजे कानपुर की ओर से एक और मालगाड़ी आ गई। जब तक वह झंडी हटाकर गेट बंद करते मालगाड़ी झंडे को काटती हुई चली गई। अजीत ने बताया कि जसोदा स्टेशन मास्टर ने 107 हजरतपुर क्रासिंग, 108 खुदलापुर पूर्वी क्रासिंग, 110 खुदलापुर पश्चिमी क्रासिंग पर मालगाड़ी आने की सूचना नहीं दी थी। जिससे सभी गेट खुले थे।