दो दिन पहले शहर के मोहल्ला शिवाजी नगर व रंगियनपुरवा गांव में पड़ी डकैती के मामले में डीआईजी ने घटना स्थल पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की। इस दौरान पुलिस को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
शनिवार को डीआईजी राजेश डी मोदक दोपहर बाद जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने एसपी दिनेश कुमार पी, एएसपी वंशराज यादव व क्षेत्राधिकारी सदर सुरेंद्र पाल सिंह से घटना के संबंध में वार्ता की। वह शिवाजी नगर मोहल्ले के रामनरेश पाल के दरवाजे पहुंचे। उन्होंने प्रत्यक्षदर्शी एक नौ वर्षीय बच्चे से पूछताछ की। बाद में उन्होंने एसपी को निर्देश दिए कि डकैती की घटना का जल्द खुलासा करें। आगे से इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाएं।
डीआईजी ने सदर कोतवाली प्रभारी आलोक सिंह यादव को बुलाकर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। मोहल्ले के लोगों से उन्होंने करीब 45 मिनट तक वार्ता की और सुरक्षा का भरोसा दिया। रामनरेश के परिजनों ने सुरक्षा के लिए पुलिस जवान लगाए जाने की मांग की। इस पर डीआईजी ने आश्वासन दिया। मोहल्लेवासियों ने बताया कि शहर में करीब 500 युवा जगह-जगह रह रहे हैं। पूछताछ करने पर वह कुछ भी नहीं बताते। इन युवकों से भी खतरा हो सकता है। डीआईजी ने तत्काल एसपी को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर ये युवक ठहरे हैं। वहां पुलिस भेजकर छानबीन कराएं। जिससे युवकों के कार्य की जानकारी हो सके।