छिबरामऊ। नर्सिंगहोम में इलाज के दौरान छात्रा की मौत के मामले में रविवार रात पुलिस द्वारा किए गए लाठी चार्ज के विरोध में सोमवार देर रात व्यापारी संगठन, किसान नेता सहित सैकड़ों लोगों ने कोतवाली का घेराव कर दिया। भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। जवाब में पुलिस ने भी भीड़ पर लाठी चार्ज कर उन्हें खदेड़ा। पुलिस की पिटाई से विमल गुप्ता नामक युवक घायल हो गया, जिसे राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
इसके बाद शहर के चप्पे-चप्पे पर तैनात पुलिस ने रास्ते में जो मिला, उसे पीट दिया। हालात से निपटने के लिए पीएसी भी बुला ली गई। शहर में स्थिति अब भी तनावपूर्ण बनी हुई है। देर रात नहर कोठी पहुंचीं विधायक अर्चना पांडेय ने वैश्य समाज के नेताओं से वार्ता की। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार जिले भर की पुलिस फोर्स के साथ डटे हुए हैं। पुलिस के लाठी चार्ज करते ही आधी भीड़ गायब हो गई। खबर लिखे जाने तक वैश्य समाज के नेताओं की विधायक के साथ बैठक जारी थी। इसके पहले देर शाम सैकड़ों लोगों की भीड़ मुख्य मार्ग जाम कर सड़क पर बैठ गई थी। पुलिस महकमे के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया था। सीओ ने जाम खुलवाने के लिए भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ रविवार की तरह किए गए लाठी चार्ज की तरह दोबारा लाठी चार्ज कर हटाने की मांग पर अड़ी रही। इस बीच व्यापार मंडल के कई संगठनों के अलावा किसान यूनियन के कुछ संगठन समेत भाजपा के कई कद्दावर नेता समर्थन में पहुंच गए। यहीं से भीड़ कोतवाली पहुंच गई। इस दौरान सौरिख चेयरमैन राहुल गुप्ता, गल्ला व्यापारी संघ के अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, आलोक गुप्ता उर्फ टिल्लू, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता, तालग्राम ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राजीव सिंह गौर, भाकियू भानू गुट के पदाधिकारी आदि रहे। संवाद