विद्युत उप केंद्र मानपुर की बाउंड्रीवाल कई महीने से
टूटी पड़ी हुई है। इससे जानवरों को खतरा बना हुआ है। कर्मचारियों ने
एक्सईएन से बाउंड्रीवाल दुरुस्त कराने की मांग की है।
कई महीने पहले
आंधी व तूफान में विद्युत उप केंद्र मानपुर की कई मीटर लंबी बाउंड्रीवाल
अचानक टूट गई थी। इससे विद्युत उपकेंद्र खुले में आ गया था। वहां रहने वाले
कर्मचारी पूरे दिन परिसर के अंदर मवेशियों को भगाते नजर आते हैं। वहीं
ग्रामीण भी टूटी दीवार को लेकर परेशान हैं।
उनके जानवर अक्सर उप केंद्र के
अंदर चरने चले जाते हैं। उन्हें आशंका है कि कहीं बिजली के करंट की चपेट
में आने से उनके मवेशी की मौत न हो जाए। एक्सईएन पी राम ने आश्वासन दिया कि
वह टूटी दीवार को जल्द दुरुस्त करा देंगे। जेई के माध्यम से दीवार को
तत्काल दुरुस्त कराने का आदेश भी एक्सईएन ने दिया है।