मिरगावां (कन्नौज)। गुरसहायगंज क्षेत्र के मिरगावां में मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा मिला। युवक के पास से कन्नौज से कानपुर का टिकट मिला है। पुलिस ने युवक की शिनाख्त कराकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंच गए।
मिरगावां के रेलवे गुमटी नंबर 112/सी पर तैनात गेटमैन ने विभागीय अफसरों और पुलिस को ट्रैक के किनारे एक युवक का शव पड़े होने की जानकारी दी। आरपीएफ और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक की शिनाख्त का प्रयास किया। युवक के दाहिने हाथ पर महादेव लिखा था और उसके पास से कन्नौज से कानपुर तक का रेल टिकट मिला है।
मिरगावां चौकी प्रभारी ने बताया कि युवक की शिनाख्त सदर क्षेत्र के कुतुलूपुर निवासी अंकित (30) के रूप में हुई है। मां शशि ने बताया कि अंकित सोमवार को फर्रुखाबाद गया था। वहां से ट्रेन से आ रहा था। ट्रेन से गिरने से बेटे की मौत हो गई। कोतवाल आलोक दुबे ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।